मिल पा रहा था। पिता श्री अजय प्रसाद अगरिया ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर फोन कर अपनी समस्या बताई। दस दिनों के भीतर आदिम जाति विकास विभाग ने प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास वाड्रफनगर में रिया को सीट आवंटित कर दी और उसकी पढ़ाई बिना रुके आगे बढ़ गई। जिले में ऐसे अनेक परिवार हैं, जिनकी अटकी हुई समस्याएँ एक निःशुल्क कॉल से कुछ ही दिनों में सुलझ गईं।हेल्पलाइन की इस प्रभावशीलता का आकलन मुख्यमंत्री सुशासन फेलो श्री मध्यम दुबे ने किया है। यह रिपोर्ट उन्होंने कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में तैयार की है। मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप ( CMGGF ) छत्तीसगढ़
शासन के सुशासन एवं अभिसरण विभाग की एक प्रमुख पहल है, जो आईआईएम रायपुर के सहयोग से संचालित है। इसका उद्देश्य राज्य के विकास के लिए स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित और सशक्त बनाना है। आईआईएम रायपुर में तीन माह के गहन प्रशिक्षण के बाद दूसरे बैच के 36 फेलो नीति क्रियान्वयन और सार्वजनिक सेवा वितरण में गति लाने के लिए जिलों में तैनात किए गए हैं। इसी क्रम में श्री मध्यम दुबे बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में नियुक्त हैं।
रिपोर्ट के अनुसार हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने वाले 90 प्रतिशत से अधिक आवेदक मिले समाधान से संतुष्ट हैं। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हेल्पलाइन के प्रकरणों को प्राथमिकता में रखा जाए। उन्होंने कहा कि हर आवेदक को ऐसा समाधान मिले जिससे उसकी समस्या वास्तव में दूर हो, केवल फाइल बंद न हो।
रिपोर्ट में दर्ज प्रकरण बताते हैं कि हेल्पलाइन गाँव की छोटी-बड़ी हर जरूरत तक पहुँच रही है। ग्राम बरदर के किसान मुकेश के खेत की बिजली लाइन खराब होने पर विद्युत वितरण कंपनी ने दो दिनों में आपूर्ति बहाल कर दी, जिससे
सिंचाई नहीं रुकी। ग्राम चिनिया में बंद पड़े सोलर पेयजल संयंत्र को क्रेडा ने श्री बाउलाल सिंह की शिकायत पर सुधारकर पूरे गाँव को फिर से स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया। ग्राम बचवार की प्राथमिक शाला में पेयजल, नल और शौचालय की अव्यवस्था दो दिनों में दुरुस्त की गई। इस ओर श्री संदीप नाग ने ध्यान दिलाया था।
माताओं और बच्चों से जुड़े मामलों में भी त्वरित कार्रवाई हुई। ग्राम जूनामाकड़ के ढाई वर्षीय ईथन कुजूर का विवरण पोषण ट्रैकर एप में अद्यतन कर उसे रेडी-टू-ईट पूरक पोषण आहार शुरू कराया गया। ग्राम बरदर की श्रीमती माया गुप्ता को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में द्वितीय बालिका का लाभ मिला। श्रीमती दुर्गावती कनौजिया का महतारी वंदन योजना के लिए ई-केवाईसी पूरा कराया गया। ग्राम बरतिकला में श्री विकास कुमार को नया राशन कार्ड मिला। श्री जय प्रकाश साहू के बेटे के माइग्रेशन व प्रमाणपत्र विकासखंड शिक्षा कार्यालय से तत्काल जारी हुए। ग्राम चंदौरा के श्री ओमप्रकाश यादव की आवास संबंधी शिकायत पर जाँच दल गठित कर नियमानुसार निराकरण किया गया।
इन उदाहरणों से स्पष्ट है कि सीएम हेल्पलाइन ने ग्रामीणों और प्रशासन के बीच की दूरी कम की है। अब दूरस्थ गाँव का व्यक्ति भी बिना कार्यालय पहुँचे अपनी बात सीधे संबंधित विभाग तक पहुँचा रहा है और तय समय में समाधान पा रहा है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि शासकीय योजनाओं या सेवाओं से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए वे निःशुल्क नंबर 1076 पर संपर्क करें।










