बलरामपुर, / पस्ता क्षेत्र के ग्राम सारंगवा में अंधविश्वास और भ्रांतियों से जुड़ा मामला संज्ञान में आते ही जिला प्रशासन ने त्वरित और संवेदनशील पहल की
है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम आज ग्राम पंचायत सारंगवा के पंडोपारा पहुँची और ग्रामीणों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसका उद्देश्य गाँव में फैली भ्रांतियों को दूर करना और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना है।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को टोनही प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और बाल विवाह के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी महिला को टोनही बताकर प्रताड़ित करना कानूनन गंभीर अपराध है। उन्होंने ग्रामीणों से अंधविश्वास से दूर रहने और बीमारी या किसी समस्या की स्थिति में झाड़-फूंक की बजाय डॉक्टर और शासकीय स्वास्थ्य केंद्र की मदद
लेने की अपील की। ग्रामीणों को घरेलू हिंसा, दहेज और बाल विवाह से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए ऐसी किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या महिला एवं बाल विकास विभाग को देने को कहा गया। बेटियों को शिक्षा और आगे बढ़ने का समान अवसर देने के लिए भी प्रेरित किया गया।
प्रशासन की इस पहल को ग्रामीणों का सकारात्मक सहयोग मिला। उपस्थित ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने समाज से अंधविश्वास और कुप्रथाओं को दूर करने में भागीदारी का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर सरपंच, उपसरपंच, पंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, प्रभारी परियोजना अधिकारी, महिला संरक्षण अधिकारी, सेक्टर पर्यवेक्षक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।










