निद्रा में वन विभाग,लोगो मे रोष
सूरजपुर। जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात रसौकी और रामगढ़ क्षेत्र में 11 हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाते हुए करीब 15 किसानों की धान की खड़ी फसल को रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया, जिससे अन्नदाताओं की सालभर की मेहनत पर पानी फिर गया है। हैरानी की बात यह है कि वन विभाग को हाथियों के मूवमेंट की पूरी जानकारी होने के बावजूद गांवों में समय पर
मुनादी या अलर्ट जारी नहीं किया जा रहा है। हाल ही में एक हाथी के शावक का शव मिलने की घटना के बाद भी विभागीय सतर्कता मजबूत नहीं हुई है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। जंगल किनारे कच्चे मकानों में रहने वाले लोग भय के साए में जीने को मजबूर हैं और उन्होंने प्रशासन से तुरंत रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, मुनादी कराने तथा उचित मुआवजे की मांग की है।










