धड़ल्ले से काट रहे जंगल,जिम्मेदारो ने साधी चुप्पी
सूरजपुर।गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के जंगलों में लकड़ी तस्करों के हौसले पूरी तरह बुलंद हैं। मोहरसोप से लेकर जुड़वानिया के लालमट्टा जंगल तक अवैध कटाई का काला कारोबार बेखौफ चल रहा है। तस्करों का नेटवर्क इस कदर सक्रिय है कि जंगलों से बेशकीमती लकड़ियां काटकर सीमावर्ती रास्तों के जरिए सीधे मध्यप्रदेश में खपाई जा रही हैं, जबकि विभाग की सुस्त कार्यप्रणाली इन तस्करों के लिए ढाल बनती नजर आ रही है। तस्करों की नजर केवल लालमट्टा जंगल पर ही नहीं है, बल्कि पूर्वी बैजनपाठ, लूल्ह, कोल्हुआ, रसौकी और कछवारी के घने जंगल भी उनके निशाने पर हैं। इन क्षेत्रों से लगातार पेड़ों की अवैध कटाई की शिकायतें मिल रही हैं। हैरानी की बात यह है कि लकड़ियों की ढुलाई
के लिए बाइकों और चारपहिया वाहनों के साथ-साथ तस्कर उन्हें कंधों पर लादकर खुलेआम परिवहन कर रहे हैं, फिर भी सुरक्षा के तमाम दावे कागजी साबित हो रहे हैं।सूत्रों के मुताबिक जंगलों से चोरी की गई लकड़ी को मध्यप्रदेश सीमा तक पार कराने के लिए पथारीपारा, भाटपारा और मकराद्वारी के रास्तों का धड़ल्ले से इस्तेमाल किया जा रहा है। सीमावर्ती इलाका होने का पूरा फायदा उठाकर तस्कर बेखौफ होकर इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन इन प्रमुख रास्तों पर निगरानी और चेकिंग के नाम पर महकमा पूरी तरह लापरवाह बना
हुआ है।ग्रामीणों का आरोप है कि लकड़ी तस्करी की पुख्ता जानकारी देने के बावजूद विभागीय अधिकारी कोई ठोस कदम नहीं उठाते। जब भी शिकायत की जाती है, विभाग की ओर से हमेशा ‘स्टाफ की कमी’ का रटा-र भैया राग अलाप दिया जाता है। इसके अलावा क्षेत्र के प्रभारी रेंजर के शायद ही कभी मौके पर पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। संवेदनशील टाइगर रिजर्व क्षेत्र में इस तरह की प्रशासनिक उदासीनता बड़े खतरे का संकेत दे रही है।
00 होगी कार्रवाई
मामले की गंभीरता को संज्ञान में लेते हुए गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व बैकुंठपुर की डीएफओ श्रीमती श्वेता कंबोज ने कहा कि प्राप्त जानकारियों के आधार पर अवैध लकड़ी जब्त की जाएगी, संबंधित बीट गार्ड के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी और पूरे मामले की गहन जांच कराई जाएगी।










