अब एक ही केंद्र में उपलब्ध हो सकेंगे रक्त और उसके विभिन्न अवयव, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत; तेज ब्लड सेंटर के संचालन का रास्ता साफ
सूरजपुर। स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में सूरजपुर जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। जिले के पहले ब्लड एवं कंपोनेंट बैंक को भारत सरकार के केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) से लाइसेंस मिल गया है। इसके साथ ही जिले में रक्त संग्रहण, प्रसंस्करण और भंडारण की आधुनिक सुविधा शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। इस उपलब्धि से जिले के मरीजों को आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त और उसके विभिन्न अवयवों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
भारत सरकार के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के अंतर्गत केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन के रक्त केंद्र प्रभाग ने 25 नवंबर 2026 को तेज ब्लड सेंटर के नाम से लाइसेंस जारी किया है। यह केंद्र माता राजरानी जी मेमोरियल सोसायटी द्वारा संचालित किया जाएगा। लाइसेंस के तहत केंद्र को संपूर्ण मानव रक्त एवं उसके विभिन्न अवयवों के संग्रहण, प्रसंस्करण और भंडारण की अनुमति प्रदान की गई है।
जारी लाइसेंस के अनुसार तेज ब्लड सेंटर का संचालन सूरजपुर जिले के तिलसिवां, रिंग रोड स्थित माता कर्मा चौक के समीप साधु राम पीआरए कॉम्प्लेक्स के भूतल, प्रथम तल और अन्य निर्धारित परिसर में किया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से लाइसेंस क्रमांक बीबीएफ28सी2026सीटी000040 जारी किया गया है।
इस लाइसेंस के मिलने से सूरजपुर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। अब तक रक्त और रक्त के विभिन्न अवयवों की आवश्यकता पड़ने पर मरीजों एवं उनके परिजनों को कई बार दूसरे शहरों और जिलों पर निर्भर रहना पड़ता था। ऐसे में जिले में ही ब्लड एवं कंपोनेंट बैंक की सुविधा उपलब्ध होने से गंभीर मरीजों, दुर्घटना पीड़ितों, प्रसूता महिलाओं और अन्य जरूरतमंदों को लाभ मिलने की संभावना है।
केंद्र सरकार की ओर से जारी अनुमति में यह भी स्पष्ट किया गया है कि ब्लड सेंटर का समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा। कम से कम वर्ष में एक बार औषधि निरीक्षकों और राज्य अनुज्ञापन प्राधिकरण की टीम द्वारा केंद्र की जांच की जा सकेगी। साथ ही केंद्र को औषधि नियमावली 1945 के अनुसूची एफ के भाग 12-बी में निर्धारित सभी प्रावधानों का पालन करना अनिवार्य होगा।
जिले में पहले ब्लड एवं कंपोनेंट बैंक को लाइसेंस मिलने की खबर से स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्साह है। इसे सूरजपुर जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब जिले के लोगों को रक्त और उसके विभिन्न अवयवों से जुड़ी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है।









