नपा में कौन है सर्वशक्तिमान…?
क्या किसी बड़े हादसे का है इंतजार…!
सूरजपुर। नगर के सबसे व्यस्ततम अग्रसेन चौक पर सब्जी बाजार की समस्या के सामने नगर पालिका खुद को असहाय पा रही है।तभी तो
भाजपा पार्षद के पत्र और कलेक्टर के निर्देश के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। नगर के अग्रसेन चौक पर पुराना जिला अस्पताल और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तक सड़क के दोनों किनारों पर लगी सब्जी एवं फल की दुकाने आम लोगो के लिए किसी मुसीबत से कम नही है।यहां सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से बैठने वाले दुकानदारों और बीच सड़क पर खड़े वाहनों के कारण यहां प्रतिदिन जाम की स्थिति बन रही है। इस अव्यवस्था से आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और सबसे अधिक परेशानी विद्यालय की छात्राओं को उठानी पड़ रही है।विद्यालय की छुट्टी के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। बड़ी संख्या में छात्राएं एक साथ स्कूल से निकलती हैं, जबकि उसी समय सब्जी खरीदने पहुंचे लोग अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़क पर ही खड़े कर देते हैं। इससे सड़क संकरी हो जाती है और छात्राओं को वाहनों तथा भीड़ के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।कई बार यहां छोटी मोटी दुर्घटनायें हो भी चुकी है। नगर पालिका समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तो करती है, लेकिन वह केवल
औपचारिकता बनकर रह जाती है। कार्रवाई के कुछ ही समय बाद फिर से उसी स्थान पर दुकानें सज जाती हैं और सड़क पर पहले जैसी स्थिति बन जाती है।
00 कलेक्टर का निर्देश भी बेअसर….
कुछ दिन पहले कलेक्टर ने शहर के औचक निरीक्षण के दौरान इस मार्ग का जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क किनारे लग रही दुकानों और यातायात अव्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने तथा सब्जी विक्रेताओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।इस समस्या पर भाजपा के पार्षद प्रमोद तायल ने नपा के साथ जिला प्रशासन को दुर्घटनाओं का हवाला देकर पत्र लिखा था और समस्या के स्थायी समाधान की मांग रखी थी।बावजूद इसके इस दिशा में अब तक कोई पहल नही हुई है।कलेक्टर के निर्देश व भाजपा पार्षद के पत्र के बाद भी कार्यवाही न होने से नपा की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे है, लोग जानना चाहते है कि नपा का सर्वशक्तिमान कौन है जो समस्याओं का समाधान नही करने दे रहा है..?










