00 बड़े दुकानदारो पर कार्यवाही न होने से नाराजगी
सूरजपुर। नगर पालिका द्वारा प्लास्टिक प्रतिबंध को लेकर चौपाटी के छोटे दुकानदारों पर जुर्माने की कार्यवाही की है।लेकिन इस कार्रवाई से
छोटे दुकानदार इस बात से हैरान है कि जहाँ से उन्होंने उक्त प्लास्टिक खरीदा है वह दुकान भी इसी जगह है तो उस पर कार्यवाही क्यों नही हुई..? क्या नगर पालिका की कार्रवाई केवल चौपाटी में रोजी-रोटी कमाने वाले छोटे दुकानदारों तक ही सीमित है, जबकि शहर के कई बड़े प्रतिष्ठानों में खुलेआम प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग होने के बावजूद उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।
रविवार को नगर पालिका की टीम ने चौपाटी क्षेत्र में पहुंचकर प्लास्टिक एवं डिस्पोजल सामग्री का उपयोग करने वाले कई दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। व्यापारियों के अनुसार किसी पर ₹100 तो किसी पर ₹500 तक का जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों ने नगर पालिका कर्मचारियों का ध्यान चौपाटी के सामने स्थित बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों की ओर भी दिलाया, जहां कथित रूप से
प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग किया जा रहा है। चौपाटी के व्यापारियों का कहना है कि वे प्रतिदिन मेहनत कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। यदि शासन द्वारा प्लास्टिक प्रतिबंध लागू किया गया है तो उसका पालन सभी व्यापारियों के लिए समान रूप से कराया जाना चाहिए। केवल छोटे दुकानदारों पर कार्रवाई करना और बड़े व्यापारियों को नजरअंदाज करना निष्पक्ष व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।व्यापारियों ने यह भी कहा कि नगर पालिका को चौपाटी की साफ-सफाई, अव्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं में सुधार पर भी गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। उनका कहना है कि चौपाटी की समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं, लेकिन उनके समाधान के बजाय छोटे दुकानदारों पर चालानी कार्रवाई की जा रही है।चौपाटी के दुकानदारों ने मांग की है कि प्लास्टिक प्रतिबंध के नियमों का पालन पूरे शहर में बिना किसी भेदभाव के कराया जाए, ताकि सभी व्यापारियों के साथ समान व्यवहार हो और कार्रवाई पारदर्शी दिखाई दे।










