बलरामपुर / कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से
विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर पहुंचकर पात्र परिवारों के आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के कार्ड तथा 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान वय वंदन कार्ड बनाकर उन्हें योजना से जोड़ रही है, ताकि जिले के कोई भी पात्र हितग्राही स्वास्थ्य सुरक्षा से वंचित न रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की मैदानी टीमें गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर पात्र हितग्राहियों का सत्यापन कर मौके पर ही आयुष्मान एवं वय वंदन कार्ड बनाने का कार्य कर रही हैं। विशेष रूप से ऐसे वरिष्ठ नागरिक, जो किसी कारणवश पंजीयन केंद्र तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, उन्हें घर पर ही यह सुविधा उपलब्ध कराई
जा रही है।
आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार सूचीबद्ध अस्पतालों में उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही आयुष्मान वय वंदन योजना के माध्यम से 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को भी स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे उन्हें गंभीर बीमारियों के उपचार में आर्थिक सहायता मिल सके।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम के घर पहुंचने पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराते हुए सहयोग करें, ताकि आयुष्मान एवं वय वंदन कार्ड शीघ्र बन सकें और आवश्यकता पड़ने पर परिवार एवं वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क उपचार का लाभ मिल सके।









