सीतापुर। नगर में हुई एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात की उठाईगिरी की घटना को लेकर व्यापारियों का आक्रोश मंगलवार को खुलकर सामने आया। व्यापारियों ने घटना के विरोध में नगर बंद का आह्वान करते हुए बाजार की सभी दुकानें बंद रखीं तथा मुख्य मार्ग कारगिल चौक पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया।
व्यापारी संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक संगठन एवं नगरवासी प्रदर्शन में शामिल हुए।
सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक लगभग 5 घण्टे तक चले इस आंदोलन में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं चोरी गए जेवरात की बरामदगी की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इतनी बड़ी उठाईगिरी की घटना ने नगर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

चक्काजाम की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह मौके पर पहुंचे और व्यापारी प्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने मामले के खुलासे एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक सप्ताह का समय मांगा तथा पुलिस द्वारा गंभीरता से कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने अपना चक्काजाम समाप्त कर दिया।
व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर मामले का खुलासा नहीं होता है, तो वे पुनः उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने नगर में व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

चक्काजाम के दौरान एम्बुलेंस ,स्कूली वाहन को छोड़कर यातायात पुरी तरह बाधित रहा,
जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।इस दौरान भारी संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।जिससे स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से नियंत्रित किया गया।
गौरतलब है कि हाल ही में नगर के एक सराफा व्यवसायी के स्कूटी में रखे करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात से भरे बैग को अज्ञात बदमाश दिनदहाड़े लेकर फरार हो गए थे। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसके बाद से नगर के व्यापारियों में भारी नाराजगी व्याप्त है।









