जशपुरनगर / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले के केरसई में निर्मित महतारी सदन महिला समूहों के लिए एक बड़ी सौगात साबित हो रहा है। इस भवन के निर्माण से महिलाओं को समूह की बैठकों, सामाजिक गतिविधियों तथा अन्य सामुदायिक कार्यों के लिए एक सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हुआ है।
महिला समूह की सदस्य श्रीमती बबीता गुप्ता बताती हैं कि पहले जब भी स्वयं सहायता समूह की बैठक आयोजित करनी होती थी, तो सबसे बड़ी समस्या स्थान की होती थी। कभी किसी सदस्य के घर तो कभी पेड़ के नीचे बैठकर बैठक करनी पड़ती थी। बरसात और गर्मी के मौसम में यह परेशानी और बढ़ जाती थी, जिससे समूह के कार्य भी प्रभावित होते थे।
उन्होंने बताया कि महतारी सदन बनने के बाद अब सभी महिलाएं एक ही स्थान पर नियमित रूप से बैठक करती हैं। यहां बैठकर वे समूह की बचत, ऋण, आजीविका गतिविधियों और अन्य सामाजिक विषयों पर चर्चा करती हैं। इससे
समूह का संचालन पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और प्रभावी हो गया है।
बबीता गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं को यह महतारी सदन मिला है, जिससे उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हुआ है। अब उन्हें बैठक के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ता और सभी कार्य बिना किसी बाधा के संपन्न हो जाते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह महतारी सदन महिलाओं के लिए केवल एक भवन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, संगठन और सशक्तिकरण का केंद्र बन गया है।










