बिश्रामपुर। नगर पंचायत शिवनंदनपुर के अग्रसेन वार्ड स्थित फौजी गली में लंबे समय से बंद पड़े निजी ट्रांसफार्मर को आखिरकार शनिवार को हटा दिया गया। नगर पंचायत उपाध्यक्ष अंशुल गोयल की पहल पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के अधिकारियों ने आवश्यक जांच के बाद ट्रांसफार्मर हटाने की कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार यह निजी ट्रांसफार्मर पिछले लगभग तीन वर्षों से बंद पड़ा था। सड़क किनारे शासकीय भूमि पर स्थापित होने के कारण यह स्थानीय लोगों के लिए परेशानी और दुर्घटना का कारण बना हुआ था। पूर्व में एक्सेस वोल्टेज के चलते विभाग का एक कर्मचारी भी हादसे का शिकार हो चुका था। इसके अलावा क्षेत्र में कई छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होने से लोगों में लगातार भय का माहौल बना रहता था।
नगर पंचायत चुनाव के दौरान वार्डवासियों ने उक्त ट्रांसफार्मर को जनहित में यहां से हटाने की मांग की थी नगर पंचायत
उपाध्यक्ष अंशुल गोयल ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएसपीडीसीएल के कार्यपालन अभियंता एवं सहायक अभियंता के साथ ही कलेक्टर सूरजपुर और एसडीएम को पत्र लिखकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
विभागीय अधिकारियों ने मामले की जांच के बाद ट्रांसफार्मर को हटाने की कार्रवाई की। इससे क्षेत्र में संभावित दुर्घटनाओं का खतरा कम होने के साथ ही आवागमन भी सुगम हो गया है।
ट्रांसफार्मर हटाए जाने पर अग्रसेन वार्ड के लोगों ने राहत व्यक्त करते हुए नगर पंचायत उपाध्यक्ष अंशुल गोयल तथा सीएसपीडीसीएल के अधिकारियों का आभार जताया है।










