अम्बिकापुर / सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” की भावना के साथ आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम को लेकर व्यापक स्तर पर स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। ग्राम पंचायत तराजू में आयोजित स्वच्छता अभियान में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने सहभागिता करते हुए स्वयं श्रमदान किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वच्छताग्राहियों एवं ग्रामीणों के साथ साप्ताहिक बाजार स्थल और तालाब किनारे साफ-सफाई कर स्वच्छता एवं जनभागीदारी का संदेश दिया।
स्वच्छता स्वस्थ और विकसित समाज की आधारशिला-मंत्री श्री अग्रवाल
इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने ग्रामीणों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता स्वस्थ और विकसित समाज की आधारशिला है। गांव को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत और सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाया जाना चाहिए।
उन्होंने ग्रामीणों से अपने घरों के साथ सार्वजनिक स्थलों, बाजार परिसर, तालाब एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई रखने की अपील की। साथ ही ओडीएफ प्लस के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए ग्रामीणों को सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
साप्ताहिक बाजार और तालाब किनारे सामूहिक श्रमदान
ग्राम तराजू में आयोजित अभियान के दौरान साप्ताहिक बाजार स्थल एवं तालाब किनारे विशेष रूप से स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं। मंत्री श्री अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और स्वच्छताग्राहियों ने सामूहिक श्रमदान किया। अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के साथ ग्रामीणों में अपने आसपास के परिवेश को साफ रखने और स्वच्छता व्यवस्था में स्वयं भागीदारी करने का संदेश दिया गया।
आकांक्षी विकासखंड के सभी ग्राम पंचायतों में एक साथ चली स्वच्छता गतिविधियां
सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम आकांक्षी विकासखंड लखनपुर की सभी ग्राम पंचायतों में स्थित शासकीय कार्यालयों एवं
आंगनबाड़ी केंद्रों में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। अधिकारी-कर्मचारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं स्वच्छताग्राहियों ने सामूहिक स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से “सेवा मेरा योगदान” की भावना को आगे बढ़ाते हुए ग्रामीणों को स्वच्छता में नियमित भागीदारी तथा अपने गांव और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छताग्राहियों की रही सहभागिता
ग्राम तराजू में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरुपा सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शशिकला सिंह, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री कामेश्वर राजवाड़े, श्री राकेश अग्रवाल, लुंड्रा श्री राकेश साहू, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री राजेंद्र जायसवाल, श्री दिनेश बारी, श्री दिनेश साहू, जनपद सदस्य श्रीमती रजनी पैंकरा सहित ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।








