कांसाबेल के सागीभावना गांव में पुलिस की कार्रवाई, गड़ासा और गौवंश के अवशेष बरामद
जशपुरनगर। जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र के ग्राम सागीभावना में गौवंश के वध और मांस काटने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 50 किलोग्राम गौमांस, लोहे का गड़ासा, प्लास्टिक का थैला और गौवंश के अवशेष बरामद किए हैं। सभी आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर दी दबिश
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सागीभावना के फिलिममुड़ा पहाड़ के नीचे चट्टान के पास, एनोस के खेत के नजदीक गौवंश का वध कर मां
स काटा जा रहा है। सूचना मिलते ही कांसाबेल पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जकरियस तिग्गा को पकड़ा।
घटनास्थल से पुलिस ने गौमांस के अलावा गड़ासा, गौवंश का सिर, चार पैर, चमड़ी, पूंछ और मांस काटने में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का गुटका जब्त किया।
पूछताछ में चार अन्य आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने पूछताछ और विवेचना के दौरान मसीह दास उर्फ ईशु दास, धीरज तिग्गा, पीटर उर्फ शांति पीटर मिंज और उदय कुमार मिंज को भी गिरफ्तार किया। पांचों आरोपित ग्राम सागीभावना के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने पशु चिकित्सक से जब्त मांस और अवशेषों का परीक्षण कराया। इसके बाद नियमानुसार अवशेषों को दफन कर दिया गया।
विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4,
5 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौवंश से संबंधित अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी। मामले की विवेचना की जा रही है।










