रायपुर। स्वामी विवेकानंद विमानतल से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। रायपुर एयरपोर्ट का नया विंटर शेड्यूल 25 अक्टूबर से लागू हो रहा है। इसके तहत कई उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है। वहीं, अलायंस एयर रायपुर से अंबिकापुर के लिए नई विमान सेवा शुरू करने जा रही है। इससे सरगुजा संभाग के यात्रियों को हवाई कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
दिल्ली की पहली फ्लाइट अब सुबह 7:55 बजे
नए विंटर शेड्यूल
के अनुसार, रायपुर से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की पहली उड़ान अब सुबह 7:55 बजे रवाना होगी। पहले इसका प्रस्थान समय सुबह 8:25 बजे था। यानी अब यह उड़ान 30 मिनट पहले रवाना होगी। हालांकि, दिल्ली के लिए आखिरी उड़ान रात 8:45 बजे अपने निर्धारित समय पर ही संचालित होगी। रायपुर और दिल्ली के बीच प्रतिदिन तीन उड़ानों का संचालन जारी रहेगा।
अंबिकापुर और जगदलपुर के लिए मिलेगी सीधी विमान सेवा
अलायंस एयर ने क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए रायपुर से अंबिकापुर के लिए नई विमान सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। यह उड़ान मंगलवार, गुरु
वार और शनिवार को संचालित होगी। इसी तरह, रायपुर से जगदलपुर के लिए भी सप्ताह में तीन दिन विमान सेवा उपलब्ध रहेगी।
वहीं, मध्य प्रदेश के रीवा के लिए सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को उड़ानें संचालित होंगी। अंबिकापुर के हवाई नेटवर्क से जुड़ने पर सरगुजा संभाग के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इंडिगो की आखिरी उड़ान अब रात 9:35 बजे
नए शेड्यूल में इंडिगो की उड़ानों के समय में भी बदलाव किया गया है। कंपनी रायपुर से प्रतिदिन औसतन 25 उड़ानों का संचालन कर रही है। इन उड़ानों के माध्यम से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, लखनऊ, कोलकाता, भुवनेश्वर, चेन्नई, गोवा, भोपाल, इंदौर, पुणे और नवी मुंबई सहित प्रमुख शहरों के लिए हवाई संपर्क उपलब्ध रहेगा।
इंडिगो की आखिरी उड़ान अब रात 10 बजे के बजाय 9:35 बजे रवाना होगी। नए शेड्यूल में बुधवार को सबसे अधिक उड़ानों का संचालन प्रस्तावित है।
27 मार्च तक लागू रहेगा विंटर शेड्यूल
एयरपोर्ट
का नया विंटर शेड्यूल 25 अक्टूबर से 27 मार्च तक प्रभावी रहेगा। उड़ानों के समय में बदलाव को देखते हुए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर अपनी फ्लाइट का समय अवश्य जांच लें। खासकर सुबह दिल्ली जाने वाले यात्रियों को पहले की तुलना में जल्दी एयरपोर्ट पहुंचने की योजना बनानी चाहिए।










