बलरामपुर / रक्षाबंधन पर्व पर संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा लगाए गए हस्तनिर्मित राखी स्टॉल पर कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी पहुंचीं। उन्होंने स्टॉल पर उपलब्ध आकर्षक राखियों को देखा और अपने भाइयों के लिए राखियों की खरीदी की। कलेक्टर को राखियां खरीदते देख समूह की दीदियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह नजर आया।
स्थानीय स्तर पर धान, चावल एवं गेहूं जैसे कृषि उत्पादों से तैयार की गई इन राखियों की कलेक्टर ने सराहना की। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से राखियों के निर्माण और बिक्री के संबंध में जानकारी ली तथा उनके प्रयासों की प्रशंसा करते हुए स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक प्रोत्साहित किया।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा स्थानीय संसाधनों से तैयार किए जा रहे उत्पाद
महिलाओं की मेहनत, हुनर और आत्मनिर्भरता की पहचान बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार ये उत्पाद उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने में भूमिका निभा रहीं हैं।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने भी राखियों की खरीदारी कर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। संयुक्त जिला कार्यालय पहुंचे अधिकारी-कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने भी स्टॉल से राखियां खरीदीं।










