बलरामपुर / त्यौहारों के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन रायपुर के निर्देशन एवं कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में बने खाबो-बने रहिबो 2.0 अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी कड़ी में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा होटल, मिठाई दुकान, डेयरी, किराना दुकान एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य व्यपारियों को प्रतिष्ठानों में आवश्यक साफ-सफाई बनाए रखने, अखाद्य रंगों का उपयोग नहीं करने, खाद्य सामग्री को ढककर रखने, अखबारी कागज का उपयोग खाद्य पदार्थ परोसने में नहीं करने तथा परिसर में स्वच्छता एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान बलरामपुर स्थित गुप्ता होटल एवं लक्की होटल से संदेह के आधार पर गुलाब जामुन, बूंदी लड्डू, पेड़ा एवं बालूशाही के नमूने संकलित कर राज्य खाद्य प्रयोगशाला, कालीबाड़ी रायपुर भेजा गया है। साथ ही जिले के विभिन्न विकासखण्ड अंतर्गत जांच अभियान चलाया गया। जिसके अंतर्गत वाड्रफनगर में बीकानेर स्वीट्स, आशीष स्वीट्स, शंकरगढ़ में प्रिया मिष्ठान भंडार, बिहारी होटल, कुसमी में गुप्ता होटल, छट्टू होटल, बलरामपुर में बीकानेर स्वीट्स, गणेश स्वीट्स, दिनेश कैटिंन, रामानुजगंज में मां करणी बीकानेर स्वीट्स, गोकुल स्वीट्स, अपना स्वीट्स, राजपुर में हीरा-जीरा होटल, संदीप स्वीट्स एवं पाण्डेय होटल सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य व्यापारियों से पर्व के दौरान आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है।










