बलरामपुर / रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक है। बहनें जहां अपने भाइयों की कलाई पर प्रेम की राखी बांधने की तैयारियों में जुटी हैं ऐसे ही भनौरा बलरामपुर वार्ड क्रमांक-01 की रहने वाली श्रीमती रानी एक्का के लिए इस बार रक्षाबंधन का त्योहार कुछ और भी खास है। महतारी वंदन योजना अंतर्गत उनके खाते में महतारी वंदन योजना की राशि पहुंची है, जो राखी में भाई के तरफ़ से मिले उपहार के रूप में है।
रानी एक्का बताती हैं कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश सरकार द्वारा पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। यह राशि महिलाओं की छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने में मददगार बन रही है और उन्हें आर्थिक रूप से अधिक आत्मनिर्भर बना रही है।
रानी के लिए यह राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि राखी से पहले मिले भाई के उपहार जैसी है। वह खुशी
जाहिर करते हुए कहती हैं कि रक्षाबंधन आने वाला है। ऐसे समय में खाते में 1 हजार की राशि आना मेरे लिए बहुत खुशी की बात है। ऐसा लगता है जैसे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी ने प्रदेश की बहनों को राखी का उपहार पहले ही भेज दिया हो।
वे आगे कहती हैं कि इस राशि से घर की जरूरतों में सहयोग मिलता है और अपने छोटे-छोटे खर्चों के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।
रक्षाबंधन पर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधेंगी, लेकिन रानी एक्का के लिए इस बार शासन की यह सहायता भी भाई के स्नेह और बहनों के सम्मान का प्रतीक बनकर आई है। उनके चेहरे की मुस्कान मानो यही कह रही है राखी का तोहफा इस बार पहले ही मिल गया।










