बलरामपुर, / ग्राम पंचायत बड़कीमहरी के गोठान परिसर में नगर पालिका परिषद बलरामपुर द्वारा स्थापित पशु जन्म नियंत्रण केंद्र (एबीसी सेंटर) का 23 सितंबर को पशु चिकित्सा सेवाएँ विभाग की टीम ने कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश के अनुपालन में निरीक्षण किया। टीम में उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएँ डॉ. एस. एस. सेंगर के साथ डॉ. अनिश, डॉ. लीनवानी तथा पशु चिकित्सालय एवं बलरामपुर ब्लॉक प्रभारी डॉ. ममता निकुंज शामिल रहीं। निरीक्षण के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री दीपक एक्का भी मौजूद रहे।
टीम ने केंद्र की मौजूदा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और इसके प्रभावी संचालन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया। मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने अवगत कराया कि सीमित संसाधनों के बीच भी केंद्र का संचालन जारी
है। आवश्यक अधोसंरचना का निर्माण, मरम्मत और विस्तार तेजी से हो रहा है। साथ ही जरूरी उपकरणों एवं सामग्री की खरीदी की प्रक्रिया भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही सुविधाओं को उन्नत कर नगर पालिका परिषद के माध्यम से केंद्र का नियमित और सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
पशु जन्म नियंत्रण केंद्र के सुदृढ़ होने से नगर में निराश्रित पशुओं, विशेषकर आवारा कुत्तों की संख्या को वैज्ञानिक और मानवीय तरीके से नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। इससे श्वान दंश जैसी घटनाओं में कमी आएगी और नगरवासियों की सुरक्षा बढ़ेगी। साथ ही पशुओं के स्वास्थ्य एवं कल्याण को भी बढ़ावा मिलेगा। यह पहल स्वच्छ, सुरक्षित और संवेदनशील नगर की दिशा में जिले का एक महत्वपूर्ण कदम है।










