संगठित अपराध की धारा भी जोड़ी गई, पॉक्सो एक्ट के तहत पुलिस ने भेजा जेल
अंबिकापुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में महिला और उसकी नाबालिग भांजी के साथ मारपीट, गाली-गलौज और छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित रसीद शाह समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में पॉक्सो एक्ट के साथ संगठित अपराध से संबंधित धारा 111 बीएनएस भी जोड़ी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे उसकी भांजी के साथ रसीद शाह के घर के पास कुछ लोगों ने पूछताछ करते हुए विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपितों ने कथित रूप से एकजुट होकर महिला और उसकी भांजी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना में दोनों को चोटें आईं। आरोपितों पर महिला और नाबालिग के साथ लज्जा भंग करने की नीयत से छेड़छाड़ करने का भी आरोप है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने दबिश देकर चारों आरोपितों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों में रसीद शाह (50) निवासी तकिया मदरसा के पास, मोहम्मद इरफान खान (19) निवासी ग्राम बोंगा, थाना रमकोला, इमाम असगर (20) निवासी डाल्टनगंज, झारखंड तथा इमरान खान (38) निवासी तकिया मोहल्ला, अंबिकापुर शामिल हैं।
मुख्य आरोपित पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित रसीद शाह के विरुद्ध पूर्व में भी अंबिकापुर थाने में कई अपराध दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि वह लगातार गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त रहा है। इसी आधार पर मामले में संगठित अपराध से संबंधित धारा 111 बीएनएस भी जोड़ी गई है।
इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक अदीप प्रताप सिंह, महिला प्रधान आरक्षक ज्योति कुजूर, आरक्षक सुरेश गुप्ता, शिव राजवाड़े और सैनिक संतोष पाठक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










