बलरामपुर / सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘‘सेवा की कहानी’’ श्रृंखला में आज हम आपको ऐसे किसान से मिलवा रहे हैं, जिनके लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना खेती-किसानी के कठिन समय में बड़ा सहारा बनी है। विकासखंड बलरामपुर के ग्राम कृष्णनगर निवासी किसान श्री अनूप दास धान और मक्के की खेती करते हैं और इस योजना से मिली सहायता राशि का उपयोग अपनी फसलों की बेहतर देखभाल में कर रहे हैं।
श्री अनूप दास बताते हैं कि उन्होंने योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया था, जिसके बाद उन्हें दो-दो हजार रुपये प्रत्येक किस्त के रूप में प्राप्त हो रहे हैं । वर्तमान में खेती का मौसम चल रहा है और धान की फसल को कीटनाशक
तथा उर्वरक की आवश्यकता है। ऐसे समय में यह राशि उनके लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है, जिससे वे बिना किसी आर्थिक चिंता के खाद और दवाइयों की व्यवस्था कर पा रहे हैं।
छोटे और सीमांत किसानों को सीधे बैंक खाते में आर्थिक सहायता पहुँचाने वाली यह योजना ग्रामीण अंचलों में किसानों का आत्मविश्वास बढ़ा रही है। समय पर मिलने वाली इस राशि से किसान खेती की जरूरतों को पूरा करने के लिए कर्ज पर निर्भर रहने से बच रहे हैं।
योजना से लाभान्वित होकर श्री अनूप दास ने किसानों के हित में यह कल्याणकारी पहल शुरू करने के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।








